सुजानगढ़ डीटीओ की टीम ने राजलदेसर में एक ही नंबर से चल रही दो निजी बसों पर कार्रवाई की है। डीटीओ इंस्पेक्टर कन्हैयालाल यादव अपनी टीम के साथ राजलदेसर पहुंचे और यह कार्रवाई की। इंस्पेक्टर यादव ने बताया कि लालभवन स्कूल के पास बस नंबर आरजे 14 पीए 0743 खड़ी मिली। इसे जब्त कर राजलदेसर थाने में खड़ा करवाया गया। दूसरी बस का चैसिस मालासी बास में एक बाड़े में मिला, जबकि उसकी बॉडी कहीं और थी। इस चैसिस पर ग्राइंडर से नंबर मिटाए गए थे। इसे भी जब्त कर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय सुजानगढ़ भेजा गया है। परिवहन इंस्पेक्टर कन्हैयालाल यादव के अनुसार यह कार्रवाई एक बस मालिक की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसने बस संख्या आरजे 14 पीए 0743 बेच दी थी, लेकिन नए मालिक ने इसे अपने नाम ट्रांसफर नहीं करवाया और उसी नंबर पर दो बसें चला रहा था। आगामी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कौन सी बस वैध है। जो बस सही पाई जाएगी, उसे छोड़ दिया जाएगा, जबकि दूसरी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।