फाजिल्का जिले की अबोहर स्थित सुखेरा बस्ती में देर शाम एक नकाबपोश युवक ने घर में अकेली रह रही 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां छीन लीं और फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग और बुजुर्ग के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस जानकारी के अनुसार, 78 वर्षीय सुशीला शर्मा सुखेरा बस्ती में अकेली रहती हैं। उनकी फाजिल्का निवासी बेटी चित्रा हर दूसरे-तीसरे दिन उनसे मिलने आती रहती हैं। सुशीला शर्मा ने बताया कि बीते शाम जब वह घर में अकेली थीं, तभी एक नकाबपोश युवक उनके घर में घुसा। उसने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उनके कानों से एक तोले से अधिक वजन की सोने की दोनों बालियां छीनकर भाग गया। बुजुर्ग महिला ने मोहल्ले के ही एक लड़के पर शक जताया है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से वह लड़का किसी न किसी बहाने उनके घर की रेकी कर रहा था। कभी वह किराएदार रखने की बात करता तो कभी कोई और बहाना बनाता था, लेकिन वे उसे हर बार घर से बाहर निकाल देती थीं।
