जयपुर के पुलिस स्टेशन में पत्नी के पति से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस स्टाफ ने बीच-बचाव कर महिला से उसके पति को बचाया। पत्नी की ओर से तीन तलाक केस में फंसाने की धमकी तक दी गई। मुरलीपुरा थाने में पीड़ित पति ने पत्नी व उसकी बहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। एसआई वसुंधरा ने बताया- झोटवाड़ा के रहने वाले 30 साल के युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। साल-2025 में उसकी पत्नी ने महिला थाना (वेस्ट) में उसके खिलाफ दहेज केस दर्ज करवाया था। कोर्ट के आदेशानुसार बकाया सामान जमा करवाने के लिए 20 मार्च को महिला थाने वह परिवार के साथ आया था। पत्नी के साथ उसकी बहन और चार-पांच लोग भी थाने आए थे। बकाया सामान पेश करने के बाद पुलिस अधिकारी के सामने दोनों पति-पत्नी कुर्सी पर बैठे हुए थे। आरोप है कि इस दौरान आरोपी पत्नी ने कुर्सी से उठकर पति को जोर से थप्पड़ मारा। उसके बाद अपनी बहन के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। थाने में मौजूद पुलिस स्टाफ व परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बड़ी मुश्किल से छुड़वाया। मारपीट के बाद आरोपी पत्नी की ओर से तीन तलाक के केस में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़ित की ओर से मुरलीपुरा थाने में रविवार दोपहर मामला दर्ज करवाया गया।
