भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने उदयपुर में मांडवा थानाधिकारी और कॉन्स्टेबल को 8 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। यह रिश्वत एनडीपीएस एक्ट के केस में 4 लोगों को आरोपी नहीं बनाने की एवज में मांगी गई थी। जानकारी के अनुसार, मांडवा थाने के SHO निर्मल कुमार खत्री और कॉन्स्टेबल भालाराम ने NDPS एक्ट केस में 4 लोगों को आरोपी नहीं बनाने की एवज में रिश्वत मांगी थी। एसीबी डीआईजी रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में उदयपुर एसीबी थानाधिकारी सोनू शेखावत ने दोनों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। पैसे नहीं दिए तो उन्हें आरोपी बना देंगे
थानाधिकारी सोनू शेखावत ने बताया- थानाधिकारी निर्मल कुमार और कॉन्स्टेबल भालाराम ने मुकदमे में 4 लोगों को आरोपी नहीं बनाने की एवज में 20 लाख रुपए रिश्वत की डिमांड की थी। इसको लेकर शिकायतकर्ता को डरा-धमकाकर परेशान किया जा रहा था। थानाधिकारी धमकी देते थे कि अगर पैसे नहीं दिए तो आरोपी बना देंगे। परेशान शिकायकर्ता ने इसकी रिपोर्ट एसीबी टीम को कर दी। टीम ने ट्रैप कार्रवाई का जाल बिछाया और एसएचओ-कॉन्स्टेबल को थाने के अंदर 8 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
