डूंगरपुर के चौरासी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। मृतक बाइक पर पीछे बैठा था और गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। चौरासी थाना हेड कांस्टेबल हजारीलाल ने बताया कि विकासनगर फला रमैय्या निवासी हरीश ननोमा ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार शाम हरीश के पिता शंकर ननोमा (50 वर्ष) अपने भतीजे राजेश ननोमा के साथ मोटरसाइकिल से महुड़ी में एक सामाजिक कार्यक्रम में गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय लालू ननोमा के घर के पास राजेश ने तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए राहगीर दिनेश ननोमा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे राजेश, पीछे बैठे शंकर ननोमा और राहगीर दिनेश तीनों सड़क पर गिर गए। हादसे में शंकर ननोमा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि दिनेश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को डूंगरपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान शंकर ननोमा की मौत हो गई, जबकि दिनेश का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और बाइक चालक राजेश ननोमा के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।