भारत.पाकिस्तान सीमा से सटे जैसलमेर जिले की सीमा चौकी अभयवाला, 192वीं वाहिनी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बीएसएनएल 4जी मोबाइल टावर का वर्चुअल उद्घाटन किया। उम्मीद जताई जा रही है कि इस पहल से पहली बार रेगिस्तानी चौकियों और सीमावर्ती गांवों को बेहतर नेटवर्क सुविधा मिल सकेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अब विदेशी तकनीक पर निर्भर नहीं है, बल्कि अपनी तकनीक से पूरी दुनिया को राह दिखा रहा है। बीएसएनएल का 4जी स्टैक आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों और चौकियों में नेटवर्क की समस्या वर्षों से बनी हुई थी, जिससे जवानों और ग्रामीणों को दिक्कत उठानी पड़ती थी। नई सुविधा से अब जवान सुरक्षित कनेक्टिविटी के साथ परिवार से जुड़ पाएंगे और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की जानकारी तुरंत मिल सकेगी।