लुधियाना देहात के थाना दाखा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अपने ही घर में अफीम की खेती और बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ दाखा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान तलवंडी खुर्द गांव निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ जिंदर के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए थाना दाखा के एएसआई इंदरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मुल्लापुर इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि हरजिंदर सिंह अपने घर की खाली जगह में भारी मात्रा में अफीम के पौधे उगा रहा है। पुलिस ने रेड कर आरोपी को पकड़ा सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा। पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके घर से अफीम के 376 पौधे बरामद किए गए, जिन्हें नशे की तस्करी के लिए उगाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि, आरोपी इस अवैध खेती के जरिए नशे का जाल कहां-कहां तक फैला रहा था।