डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के भिंडा गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण एक केलूपोश मकान में आग लग गई। इस आगजनी में 3 मवेशी जिंदा जल गए।
भिंडा गांव निवासी भेमा रावल के केलूपोश घर में शॉर्ट सर्किट से चिंगारी उठने के बाद आग तेजी से फैल गई। आग की चपेट में आने से एक भैंस, उसका बछड़ा और एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई। भेमा रावल ने बताया कि उनका यह केलूपोश मकान 2 हिस्सों में बंटा था। अगले हिस्से में वे किराना की दुकान चलाते थे, जबकि पिछले हिस्से को मवेशी घर बनाया था। आग से मवेशियों के साथ-साथ घर में रखा भारी मात्रा में घास और अनाज भी जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।