जयपुर में पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोप है कि पुलिस से बचने के लिए वह अनजान बना रहा और शव के पास सिर पटक-पटक कर रोता रहा। चोट लगने की वजह से उसके नाक से खून तक निकलने लगा। पुलिस उसे फौरन हॉस्पिटल ले गई। जांच के बाद पति की सारी करतूत सामने आ गई। बगरू पुलिस ने इलाज कराने के बाद रविवार शाम को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद युवक ने वारदात को अंजाम दिया। बिहार का रहने वाला है आरोपी
SHO (बगरू) राजेन्द्र गोदारा ने बताया- 14 मार्च को सुशीला देवी (26) की हत्या हुई थी। वह बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) स्थित कुंडवा चैनपुर के खड़वा गांव की रहने वाली थी। करीब 10 साल पहले उसकी शादी रविन्द्र मुखिया (27) से हुई थी। पिछले तीन महीने से दंपती बगरू रिको के कृष्णा विहार कॉलोनी में किराए पर अपने 2 बेटों के साथ रह रहे थे। बगरू रिको में ही सुशीला और रविन्द्र नौकरी करते थे। शराब पीकर करता था झगड़ा
सुशीला की बहन निर्मला देवी ने बताया- रविन्द्र शराब पीने का आदी है। शराब पीकर वह आए दिन सुशीला के साथ झगड़ा करता था। 13 मार्च को दोपहर में रविन्द्र मुखिया ने सुशीला से झगड़ा किया। मारपीट करने पर सुशीला अपने दोनों बेटों को लेकर कॉलोनी में कुछ दूरी पर स्थित मेरे घर आ गई थी। बहन के घर से वापस ले गया
14 मार्च की सुबह रविन्द्र सुशीला को घर ले जाने के लिए आया। निर्मला और उसके पति विनोद ने झगड़े के बारे में रविन्द्र से बात की और उसे समझाया। समझाने के बाद उन्होंने सुशीला को रविन्द्र के साथ घर जाने के लिए भेज दिया। दोपहर करीब 1 बजे निर्मला के फोन करने पर सुशीला ने कॉल नहीं उठाया। घर में पड़ी मिली लाश
सुशीला से बात नहीं होने के चलते शाम करीब 4 बजे निर्मला, सुशीला के घर पहुंची। कमरे में सुशीला की लाश जमीन पर पड़ी थी। सुशीला के सिर से खून बह रहा था। गले में चुन्नी की गांठ लगी हुई थी। यह देखकर निर्मला चीख पड़ी। आसपास के लोग इकट्‌ठे हो गए। पति करने लगा अनजान होने का नाटक
रविन्द्र को फोन करके बुलाया गया। शराब के नशे में धुत होकर रविन्द्र घर पहुंचा। अनजान होने का नाटक करते हुए उसने सुशीला की लाश देखी और सिर पटक-पटक कर रोने लगा। बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने रविन्द्र की नाक से खून निकलने पर उसे हॉस्पिटल पहुंचाया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बगरू CHC भिजवाया गया। सख्ती से पूछताछ में जुर्म कबूला
SHO (बगरू) राजेन्द्र गोदारा ने बताया- अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रविवार को रविन्द्र को हिरासत में लिया गया। शराब का नशा उतरने के बाद पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया- पत्नी सुशीला को घर वापस लाने के बाद दोनों के बीच दोबारा झगड़ा हुआ था। घर से जाने की बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई। इसके बाद उसने सुशीला के साथ मारपीट की। उसके सिर में चोट लग गई। चूड़ियां टूट गईं। वारदात के बाद रविंद्र घर छोड़कर चला गया था। परिवार वालों ने उसे बाद में कॉल किया था, तब वह आया था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया।