जालंधर में कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों और भारी किल्लत ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। इसी मुद्दे को लेकरआयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिला विंग ने अनोखे तरीके से विरोध जताया, ये विरोध प्रर्दशन DC दफ्तर के बाहर किया गया। इस प्रर्दशन के दौरान पीएम मोदी का पुतला फूंका गया और गैस सिलेंडरों के साथ सड़क पर लेटकर रोष प्रकट किया गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में विफलता और गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज देश का आम नागरिक लाइनों में लगने को मजबूर है। जालंधर में आज उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया जब भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता डिप्टी कमिश्नर (DC) कार्यालय के बाहर जमा हुए। देश भर में रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत और कालाबाजारी की खबरों के बीच कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। हालांकि प्रशासन की ओर से डिप्टी कमिश्नर ने कालाबाजारी रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, लेकिन कांग्रेस का कहना है कि यह कदम ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। अनोखा विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन प्रदर्शन के दौरान दृश्य काफी भावुक और उग्र थे। कांग्रेस महिला विंग की सदस्यों ने अपने सिर पर खाली गैस सिलेंडर रखकर मार्च निकाला। जो घरेलू रसोई में पैदा हुए संकट का प्रतीक था। विरोध प्रदर्शन इतना तीव्र था कि एक महिला कार्यकर्ता विरोध स्वरूप बीच सड़क पर ही लेट गई और उसके पास खाली सिलेंडर रखा गया, जो आम आदमी की लाचारी को दर्शाता है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। नेताओं के गंभीर आरोप कांग्रेस नेत्री कंचन ने केंद्र सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि आज देश का हर नागरिक पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कमी से त्रस्त है। कंचन ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम पूरी तरह ठप्प हो गया है, जिससे लोगों को घंटों लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। पीएम मोदी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विफल रहे हैं और देश के हितों को ताक पर रख दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर जो तेल संकट पैदा हुआ है, उसे संभालने में भारत सरकार नाकाम रही है। जिसका खामियाजा अब गरीब और मध्यम वर्ग को भुगतना पड़ रहा है। बढ़ती कीमतें और छोटे दुकानदारों की बदहाली वहीं, जालंधर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजिंदर बेरी ने आर्थिक पक्ष पर सरकार को घेरा। बेरी ने कहा कि मोदी सरकार ने घरेलू और कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में जो बेतहाशा इजाफा किया है, उसने व्यापारिक जगत की कमर तोड़ दी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गैस की किल्लत और महंगाई के कारण न केवल घर की रसोई प्रभावित हुई है, बल्कि छोटे-छोटे रेहड़ी-फड़ी वाले और दुकानदार भी बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। बेरी ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई और कीमतें कम नहीं की गईं, तो कांग्रेस इस आंदोलन को और भी उग्र रूप देगी।
