लुधियाना के व्यस्त वेरका पूल पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा देखने को मिला। यहाँ गलत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार महिला टीचर को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में महिला टीचर गंभीर रूप से घायल हो गई है जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। पेपर चेक कर लौट रही थी टीचर मिली जानकारी के अनुसार घायल महिला टीचर स्कूल में बच्चों के पेपर चेक करने के बाद अपनी एक्टिवा पर सवार होकर घर वापस लौट रही थीं। जैसे ही वह वेरका पूल के पास पहुँचीं सामने से गलत दिशा में आ रहे एक ट्रक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। ड्राइवर नें कहा पुलिस ने पैसे लेकर एंट्री दी हादसे के बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। जब ट्रक ड्राइवर से गलत दिशा में आने का कारण पूछा गया तो उसने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। ड्राइवर ने दावा किया कि मैंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को 500 रुपए दिए थे। पैसे लेने के बाद ही पुलिसवाले ने मुझे रॉन्ग साइड से जाने की अनुमति दी। हम ट्रक बिल्कुल स्लो चला रहे थे, लेकिन अचानक यह हादसा हो गया। पुलिस की कार्रवाई: 20 हजार का चालान सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी परमिंदर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ट्रक का 20,000 रुपए का भारी-भरकम चालान काटा है। जब पुलिस अधिकारी से ड्राइवर द्वारा लगाए गए 500 रुपए की रिश्वत के आरोपों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा फिलहाल ऐसी कोई बात संज्ञान में नहीं है। ड्राइवर खुद क्या कह रहा है वह वही बता सकता है। अगर जाँच में ऐसी कोई बात सामने आती है तो उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई होगी। चर्चा का विषय बना पुलिस का रवैया हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि चंद रुपयों के लालच में पुलिसकर्मी ट्रैफिक नियमों की धज्जियाँ उड़वाते हैं जिसके कारण आज एक बेकसूर टीचर अस्पताल पहुँच गई।