लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 किलो 320 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। इसी तरह आधा किलो अफीम के साथ भी एक तस्कर को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। महिला की तलाशी लेने पर मिला गांजा पुलिस के अनुसार सीआईए स्टाफ की टीम इंस्पेक्टर अवतार सिंह की अगुवाई में गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम रेलवे स्टेशन की बैक साइड गुरु नानक स्टेडियम के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को शक के आधार पर एक व्यक्ति और एक महिला को रोका गया। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से 11 किलो 320 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार पुत्र दिनेश शाह निवासी गायघाट लक्ष्मण नगर सरफुद्दीनपुर मुजफ्फरपुर (बिहार) और एनर देवी पत्नी रंजीत साहनी निवासी सुपौल बाजार हाटगाछी थाना बिरौल जिला दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल जालंधर के बस्ती बाबा खेल लाब सिंह नगर इलाके में रह रहे थे। पुलिस ने इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 8 में केस नंबर 75, दिनांक 14 मार्च 2026 के तहत धारा 20B, 29/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि आरोपी यह गांजा कहां से लाते थे और किस-किस जगह सप्लाई करते थे। 500 किलोग्राम अफीम बरामद
इसी तरह CIA स्टाफ लुधियाना की पुलिस टीम वेरका नहर पुल के पास बिजली दफ्तर के नजदीक नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 500 ग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल खन्ना पुत्र सुरेश खन्ना निवासी मकान नंबर 2159, मोहल्ला ग्वार गुज्जरां, गुरुद्वारा गुरु रामदास के पास, जगराओं जिला लुधियाना के रूप में हुई है। थाना सराभा नगर में केस नंबर 64, दिनांक 11 मार्च 2026 के तहत धारा 18-B, 29/61/85 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
