कोटपूतली डाबला रोड स्थित राजकीय कन्या कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की तीनों इकाइयों का एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. आर.पी. गुर्जर ने किया। प्राचार्य प्रो. गुर्जर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को अपने उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने संतुलित व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भाव के महत्व पर जोर दिया। स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की शिविर के दौरान छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की। उन्होंने नशा मुक्ति का संकल्प भी लिया। स्थानीय नशा मुक्ति केंद्र के सहयोग से नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई। इस कार्यक्रम में छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और समाज को नशे से मुक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। गतिविधियों की समीक्षा की शिविर में तीनों इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. जे. आर. गुर्जर, प्रो. प्रिया खंगरावत और प्रो. यामिनी यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने वर्ष भर में राष्ट्रीय सेवा योजना और रेड रिबन क्लब के तहत आयोजित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने भविष्य में भी इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. जे. आर. गुर्जर ने किया। इसी क्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने ‘रन फॉर विकसित राजस्थान 2026’ कार्यक्रम में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौड़ का शुभारंभ जिला कलेक्टर द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया, जो एलबीएस ग्राउंड तक आयोजित हुई। इस दौरान छात्राओं ने ‘विकसित राजस्थान के सपने’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया। करियर के लिए स्किल का विकास जरूरी एसडीएम रामावतार मीणा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में प्रत्येक विद्यार्थी को अपने करियर निर्माण के लिए किसी न किसी कौशल (स्किल) का विकास अवश्य करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
