सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में राधाकिशनपुरा इलाके में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव के पंडाल में रात के समय सो रहे पुजारी का मोबाइल चोरी हो गया। सुबह जब पुजारी की आंख खुली तो उन्हें मोबाइल नहीं मिला। जब पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक किए गए तो उसमें एक चोर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए नजर आ रहा है। घटना बीती रात राधाकिशनपुरा इलाके में वंदे मातरम चौक के पास हनुमान मंदिर के सामने आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल की है। यहां रात के समय पुजारी विमल कुमार शर्मा और दो अन्य पुजारी सो रहे थे। सुबह जब पुजारी विमल कुमार की आंख खुली। तो उन्होंने देखा कि उनका मोबाइल नहीं है। इसके बाद मोबाइल पर कॉल किया गया तो मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला। जब पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक किए गए तो उसमें सुबह 4:30 के करीब एक चोर मुंह पर कपड़ा बांधकर पंडाल में घुसते और बाहर निकलते नजर आ रहा है। विमल कुमार शर्मा के अनुसार अन्य 2 पुजारी ने अपने मोबाइल तकिए के नीचे रखे हुए थे। जिससे उनके मोबाइल चोरी होने से बच गए। विमल कुमार शर्मा के मुताबिक उनके मोबाइल की कीमत करीब 27 हजार रुपए है।
