बरनाला पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भुक्की चूरा पोस्त की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। जिले के तपा इलाके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो क्विंटल भुक्की बरामद की गई है। पुलिस स्टेशन तपा के इंचार्ज शरीफ खान ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएसआई रणजीत सिंह अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली कि सुखविंदर सिंह, हैप्पी और मोहनी मिलकर भुक्की की तस्करी करते हैं। मुखबिर ने पुलिस को बताया कि सुखविंदर सिंह अपने ट्राला का उपयोग कर बाहरी राज्यों से भुक्की लाता था, जिसमें उसका हेल्पर हैप्पी मदद करता था। ये दोनों नशीला पदार्थ मोहनी को सप्लाई करते थे, जो इसे आगे बेचता था। सूचना के आधार पर पुलिस ने सुखविंदर सिंह, हैप्पी और मोहनी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो क्विंटल भुक्की बरामद की है। पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।