धौलपुर अभिभाषक संघ ने राजस्थान सरकार के विधि एवं विधिक कार्य विभाग की ओर से नियुक्त किए गए नए लोक अभियोजकों भगवान सिंह नारोलिया और राम कुमार पाराशर का सम्मान किया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने दोनों लोक अभियोजकों को माला और साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। अभिभाषक संघ के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने कहा कि लोक अभियोजकों की भूमिका न्याय व्यवस्था में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शर्मा ने नवनियुक्त अभियोजकों से पीड़ित पक्षकारों को जल्द न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई। उन्होंने बताया कि भगवान सिंह नारोलिया पूर्व में भी लोक अभियोजक के रूप में कार्य कर चुके हैं, जिससे न्याय व्यवस्था को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा। संघ ने राज्य सरकार का भी आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता रामनिवास परमार, नत्थीलाल शर्मा, विश्वनाथ बुद्धराजा, रमाशंकर शर्मा, वीरेंद्र उपाध्याय, अमित उपाध्याय, अभिभाषक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश त्यागी, उपाध्यक्ष हेमंत पचौरी, संयुक्त सचिव ब्रजेश सिंह बघेला, कोषाध्यक्ष विनय शर्मा, पुस्तकालय सचिव प्रशांत बघेल और ऑडिटर विवेक व्यास सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।
अंत में अभिभाषक संघ के महासचिव अरविंद कुमार गुर्जर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।