कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का कहना है- दिल्ली से इंटेलीजेंस ब्यूरो(आईबी) की रिपोर्ट है कि आगामी पंचायती राज चुनावों में भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है। गांव में बैठे लोग पूछ रहे है कि सरकार ने हमारे लिए क्या किया? सरकार की नीयत खराब है। जानबूझकर ओबीसी आयोग से कहा गया है कि हमनें आपको बनाया है, आप रिपोर्ट मत देना। जबकि मैं खुद 7 दिन में पूरा सर्वे करके दे सकता हूं। पंचायतवार, पंचायत समिति वार और जिला वार सर्वे करके दे सकता हूं। लेकिन सरकार पंचायती राज के चुनाव नहीं करवाना चाहती है। हम जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट भी जाएंगे और चुनाव करवाएंगे। गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर कल से आंदोलन
डोटासरा बुधवार को नागौर में थे। यहां जिला कांग्रेस ऑफिस में उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की। उन्होंने कहा- शादियों का सीजन चल रहा है। लाखों रुपए लगाकर लोग शादी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें खाना बनाने के लिए कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। होटलों में सिलेंडर नहीं होने से विदेशी पर्यटको को परेशानी हो रही है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस कल(गुरुवार) से प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरुआत करेगी। ‘डिस्टर्ब एरिया बिल’ सिर्फ रोटी सेंकने का जरिया
डोटासरा ने अशांत क्षेत्र विधेयक (डिस्टर्ब एरिया बिल) को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे गुजरात मॉडल पर आधारित बताते हुए कहा- यह केवल हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रोटियां सेकने का जरिया मात्र है। उन्होंने वादा किया कि साल 2028 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार की वापसी होते ही इस बिल को लागू नहीं होने दिया जाएगा। पीएम से समय मांगने की हिम्मत सीएम में नहीं
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल के दौरान रिफाइनरी के कार्य को जानबूझकर पांच साल तक रोका गया। अब जब यह बनकर तैयार हो चुकी है, तब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके उद्घाटन के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं। सीएम भजनलाल शर्मा में प्रधानमंत्री से समय मांगने की हिम्मत नहीं है, जिसका सीधा असर राजस्थान की जनता पर गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के रूप में पड़ रहा है। सरकार की विफलताओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान
डोटासरा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर महंगाई और सरकार की विफलताओं के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं। कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के सुख-दुख में सहभागी बनें और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें। इससे पूर्व नागौर पहुंचने पर डोटासरा का स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया। गैस सिलेंडर की किल्लत से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… राजस्थान में हॉस्टल-मैस में खाना बनना बंद:सरकारी स्कूलों में सिलेंडर सप्लाई रोकी, पोषाहार पर संकट; घरेलू गैस भी नहीं, एजेंसी पर हंगामा राजस्थान में कॉमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने लगी है। जहां सिलेंडर मिल रहे हैं, वहां कालाबाजारी का आरोप लग रहा है। ऐसे में सिलेंडरों को लेकर हालात बिगड़ने लगे हैं। पूरी खबर पढ़िए
