सरहदी जिले जैसलमेर में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब शहर के मुख्य डाकघर (मेन पोस्ट ऑफिस) परिसर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के नाम से आए इस मेल ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। मेल में स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि दोपहर 1 बजे कार्यालय में पांच गैस बम ब्लास्ट किए जाएंगे। परिसर खाली कराकर किया गया सील धमकी भरा मेल मिलते ही प्रशासन ने बिना देरी किए कड़े कदम उठाए। दोपहर 1 बजे का समय होने के कारण तत्काल पासपोर्ट ऑफिस को सील कर दिया गया और वहां मौजूद सभी स्टाफ व आवेदकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षा के लिहाज से केवल पासपोर्ट ऑफिस ही नहीं, बल्कि पूरे मुख्य डाकघर को भी खाली करवा लिया गया है। डाकघर के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर पुलिस ने सुरक्षा घेरा बना लिया है, जिससे आसपास के इलाके में भारी तनाव का माहौल है। पुलिस का सर्च ऑपरेशन सूचना मिलते ही जैसलमेर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। मेटल डिटेक्टर की मदद से पूरे परिसर के चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि “पांच गैस बम” की धमकी को देखते हुए हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है। सीमावर्ती जिला होने के कारण सेना की खुफिया एजेंसियां भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जांच के घेरे में ‘साइबर टेरर’ पुलिस और साइबर सेल अब उस आईपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुटी है, जिससे यह मेल भेजा गया है। प्राथमिक तौर पर यह दहशत फैलाने की कोशिश लग रही है, लेकिन ISI के नाम का जिक्र होने के कारण पुलिस इसे ‘साइबर टेरर’ के नजरिए से भी देख रही है। फिलहाल पूरे डाकघर परिसर में सघन तलाशी अभियान जारी है और आमजन की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।