बेकाबू थार ने बाइक सवार 2 दोस्तों को कुचल दिया। एक ने हॉस्पिटल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद SUV करीब 200 मीटर तक दोनों को घसीटती ले गई। घटना रविवार रात करीब साढ़े बारह बजे बीकानेर के कोडमदेसर रोड की है। उधर, घटना से नाराज मृतकों के परिवार वाले हॉस्पिटल में सुबह से पीबीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। थार के ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। गजनरे थाना के SHO राकेश स्वामी ने बताया- बीकानेर में कोडमदेसर से गांधी प्याऊ जाने वाली सड़क पर पेट्रोल पंप के पास थार गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक दोस्तों के साथ कोडमदेसर बावड़ी स्थित प्रसिद्ध भैरव मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने थार गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। दोनों युवकों को पीबीएम हॉस्पिटल ले जाया गया
5 युवक 3 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कोडमदेसर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी युवक वापस बीकानेर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही थार गाड़ी ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में मोहित पारीक (22) निवासी सांडवा (चूरू) हाल शीतला गेट बीकानेर और प्रमोद पंवार (23) निवासी जैन स्कूल के पीछे, गोगागेट, बीकानेर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को पीबीएम हॉस्पिटल ले जाया गया। मोहित की हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि प्रमोद पंवार करीब 3.5 घंटे इलाज के बाद दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, थार गाड़ी के मालिक का नाम रामनिवास ज्याणी है। वह बीकानेर का रहने वाला है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय गाड़ी रामनिवास ज्याणी चला रहे थे या कोई अन्य व्यक्ति। पुलिस इस संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ चल रहे युवक ने दी पुलिस को सूचना
घटना की सूचना नीतिन गहलोत ने पुलिस को दी। नीतिन खुद भी दूसरी मोटरसाइकिल से युवकों के साथ ही आ रहा था। उसके साथ गिरधारी सांखला भी मौजूद था। पुलिस की खिलाफ नारे लगाए
पीबीएम हॉस्पिटल की मोर्च्युरी के बाहर सोमवार सुबह मृतकों के परिजन और परिचित इकट्‌ठे हो गए। परिजनों ने वहां प्रदर्शन किया। परिवार वाले ‘पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहे हैं। उनका कहना है कि हादसे के जिम्मेदार थार के ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कंटेंट : विनोद कुमार मोदी, गजनेर