फतेहगढ़ साहिब में आवारा कुत्तों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। बस्सी पठाना के गांव शहीदगढ़ के पास एक आवारा कुत्ते के अचानक मोटरसाइकिल के सामने आ जाने से दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान बस्सी पठाना निवासी 26 वर्षीय अनुराग और शहीदगढ़ निवासी 49 वर्षीय नछत्तर सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। कुत्ते और खुद को बचाने के प्रयास में गई अनुराग की जान थाना बसी पठाना के सब-इंस्पेक्टर सतनाम सिंह ने बताया कि अनुराग, जो एक कॉलेज में सफाई सेवक के रूप में कार्यरत था, अपने मोटरसाइकिल पर बस्सी पठाना की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान उसके मोटरसाइकिल के आगे अचानक एक आवारा कुत्ता आ गया। कुत्ते और खुद को बचाने के प्रयास में अनुराग ने मोटरसाइकिल मोड़ दिया। उसी समय सामने से आ रहे नछत्तर सिंह के मोटरसाइकिल से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर में गहरी चोटें आईं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव उनके वारिसों को सौंप दिए।