हनुमानगढ़ में पौत्र का आधार कार्ड जारी न होने से नाराज एक दादा शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गए। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (डीओआईटी) के अधिकारियों ने उनसे बात कर समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद उन्होंने धरना समाप्त किया। गांव चंदड़ा निवासी साहब सिंह पुत्र नक्षत्र सिंह ने बताया कि उनके पौत्र दुष्यंत सिंह पुत्र अजय सिंह को स्कूल में आधार कार्ड की आवश्यकता है। उन्होंने 14 दिसंबर 2024 को आवेदन किया था, लेकिन आधार कार्ड जारी नहीं हुआ। बाद में मैसेज से पता चला कि आवेदन खारिज कर दिया गया था। 1947 पर कॉल करने पर उन्हें बताया गया कि आधार कार्ड दुष्यंत सिंह की बजाय दुष्यंत जाखड़ के नाम से बना हुआ है। इस गलती को सुधारने के लिए उन्होंने 24 मार्च 2025 को दोबारा आवेदन किया, लेकिन नया आधार कार्ड फिर से दुष्यंत जाखड़ के नाम से ही जारी हो गया। साहब सिंह के अनुसार, तकनीकी या लिपिकीय गलती के कारण उनके पौत्र का आधार कार्ड बार-बार गलत नाम और पते पर पहुंच रहा है। आधार कार्ड के अभाव में दुष्यंत सिंह की पढ़ाई में बाधा आ रही है। उन्होंने जिला कलेक्टर से इस समस्या का समाधान कर सही नाम से आधार कार्ड जारी करवाने की मांग की है। इस संबंध में, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (डीओआईटी) के संयुक्त निदेशक योगेन्द्र कुमार ने बताया कि जयपुर में पत्र लिखा जा चुका है। जयपुर से डीओआईटी दिल्ली को भी पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामी के कारण इस प्रक्रिया में कुछ समय लग रहा है, लेकिन यह कार्य जल्द ही पूरा हो जाएगा।
