लुधियाना जिले के थाना हठूर की पुलिस ने मोगा से जगराओं के गांवों में नशा सप्लाई करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान मोगा जिले के गांव बधनी कला के सतपाल सिंह उर्फ सत्ता के रूप में हुई है। उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ की जा रही है। जगराओं के गांवों में करता है सप्लाई जानकारी देते हुए थाना हठूर के पुलिसकर्मी जसविंदर सिंह ने बताया कि वे अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गांव हठूर के मुख्य मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि उक्त आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी का धंधा कर रहा है और मोगा से आकर जगराओं इलाके के गांवों में हेरोइन की सप्लाई करता है। ग्राहकों का कर रहा था इंतजार पुलिस को बताया गया कि आरोपी इस समय जठेरिया की जगह के नजदीक रामा रोड पर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है और उसके पास भारी मात्रा में हेरोइन है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा और आरोपी को पकड़ लिया। पैसा कमाने के लालच में धंधे में उतरा पुलिस ने जब आरोपी सतपाल सिंह की तलाशी ली, तो उसकी जेब से 48 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जांच अधिकारी जसविंदर सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पेशे से किसान है। उसने बताया कि नशे की लत और जल्दी पैसे कमाने की लालच में वह नशा तस्करी के धंधे में उतर गया। जांच अधिकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आरोपी जगराओं के गांव हठूर में हेरोइन की सप्लाई किस व्यक्ति को देने आया था, ताकि उसे भी मामले में नामजद किया जा सके। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है, ताकि उसके अन्य तस्करों से संबंधों का पता लगाया जा सके और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके।