अमृतसर के नजदीकी क्षेत्र बाबा बकाला साहिब हलके के गांव सठियाला में स्थित गुरुद्वारा साहिब पातशाही नौवीं में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप की बेअदबी की घटना सामने आने के बाद सिख संगतों में गहरा रोष पाया जा रहा है। इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि पंजाब में लगातार बेअदबी की घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी सिख धर्म के सबसे पवित्र गुरु हैं और उनकी बेअदबी सिख कौम की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि मानवता को सही राह दिखाने वाली गुरबाणी के साथ इस तरह की घटना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती। बड़ी साजिश की आशंका जताई उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं का बार-बार होना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। इसलिए सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि मामले की गंभीरता से जांच करवाई जाए और इसके पीछे शामिल लोगों को बेनकाब किया जाए। उन्होंने मांग की कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके। सख्त कानून की जरूरत पर जोर गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने आगे कहा कि सिख संगत लंबे समय से मांग कर रही है कि गुरबाणी की बेअदबी करने वालों के लिए कानून में सख्त सजा का प्रावधान किया जाए। उन्होंने अफसोस जताया कि अब तक कई मामलों में दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग उन्होंने पंजाब सरकार से अपील करते हुए कहा कि इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया जाए और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।