टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। शाम को 7 बजे मैच शुरू होगा, लेकिन राजस्थान में इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। टीम इंडिया की जीत की कामना करते हुए भक्तों ने खाटूश्याम मंदिर में तिरंगा चढ़ाया। बाड़मेर के मंदिर में हवन किया गया। वहीं, क्रिकेटर हरभजन सिंह भी जयपुर पहुंच गए हैं। जो जयपुर में ही फाइनल मैच देखेंगे। इसके साथ ही जयपुर से अहमदाबाद की फ्लाइट भी दोगुनी महंगी हो गई हैं। रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाई है। जिससे लोगों को अहमदाबाद पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े। हरभजन बोले- भारत यह मैच जीतेगा हरभजन सिंह अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद जयपुर में फाइनल मैच देखेंगे। एयरपोर्ट पर हरभजन सिंह ने कहा- भारत यह मैच जीतेगा और दुनियाभर में अपने क्रिकेट का डंका बजाएगा। इस मैच में कई रिकॉर्ड बनते हुए लोग देखेंगे। खाटूश्यामजी में भक्तों ने चढ़ाया तिरंगा खाटूश्याम मंदिर में शनिवार शाम टीम इंडिया की जीत के लिए तिरंगा चढ़ाया गया। जयपुर और सीकर के कुछ युवाओं ने मिलकर तिरंगा चढ़ाया। जो बाबा श्याम के आगे रखा गया। जयपुर में नन्हे खिलाड़ी बोले- भारतीय खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे जयपुर में भी क्रिकेट प्रेमी अलग-अलग अंदाज में भारतीय टीम का हौसला बढ़ा रहे हैं। खास तौर पर क्रिकेट की ट्रेनिंग ले रहे नन्हे खिलाड़ियों ने मैदान में एकत्र होकर टीम इंडिया के लिए जीत की कामना की। जयपुर के एक क्रिकेट मैदान में जुटे बच्चों ने हिप-हिप हुर्रे, जीतेगा भाई जीतेगा, इंडिया जीतेगा जैसे नारे लगाए। खिलाड़ियों ने कहा- पूरे देश के 140 करोड़ लोगों की दुआएं और उम्मीदें टीम इंडिया के साथ हैं। भारतीय खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को एक और विश्व कप दिलाएंगे। बच्चों ने खास तौर पर टीम के स्टार खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी भारत को मैच जिताने में अहम भूमिका निभाएंगे। जयपुर से अहमदाबाद की फ्लाइट की कीमत दोगुनी हुई इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में खेले जा रहे T20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले को लेकर फ्लाइट टिकट्स की रेट में भी बड़ा बदलाव हुआ है। जयपुर से अहमदाबाद के लिए जहां सामान्य दिनों में 6 से 7000 रुपए में फ्लाइट उपलब्ध होती थी। वहीं, आज फ्लाइट रेट की कीमत दोगुनी हो गई है। ऐसे में पैसेंजर को अहमदाबाद जाने के लिए 14000 से 15000 रुपए तक भुगतान करना पड़ रहा है। फाइनल मैच के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई मैच के लिए नई दिल्ली से साबरमती के लिए एक तरफा सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। गाड़ी संख्या 04062 नई दिल्ली-साबरमती आरक्षित सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 7 मार्च (शनिवार) को रात 11:45 बजे नई दिल्ली से रवाना हुई। जो रविवार सुबह 4:50 बजे जयपुर पहुंची। 5:00 बजे यहां से आगे के लिए रवाना हुई। 2:30 बजे साबरमती पहुंचेगी। बाड़मेर में हुआ हवन बाड़मेर शहर में भी क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया की जीत के लिए भगवान से मन्नतें मांगी। शहर के ऑफिसर कॉलोनी स्थित मनोकामना पूर्ण महादेव मंदिर में क्रिकेट प्रेमियों ने विशेष पूजा-अर्चना कर यज्ञ में आहुतियां दी और भारत की जीत के लिए प्रार्थना की। मनोकामना पूर्ण महादेव मंदिर में रविवार सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी पहुंचे। मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई और यज्ञ आयोजित कर भगवान शिव से भारत की जीत की कामना की गई। जोधपुर के होटलों में लगी स्क्रीन, चौराहों पर भी देख सकेंगे लाइव मैच जोधपुर की होटल चंद्रा इंपीरियल में वर्ल्ड कप फाइनल मैच दिखाने के लिए प्रोजेक्टर लगाया गया है। जिस पर भारत ओर न्यूजीलैंड के बीच का फाइनल मुकाबला दिखाया जाएगा। होटल के मालिक बसंत ने बताया कि क्रिकेट के इस महामुकाबले का हर किसी को इंतजार है। मैच के दौरान लोगों की पसंद को ध्यान में रखते हुए भी मैन्यू तैयार किया गया है। इससे कि यहां फूड के साथ क्रिकेट एंटरटेनमेंट का भी मजा देखने को मिलेगा। गोल बिल्डिंग सर्किल पर लगेगी स्क्रीन जोधपुर में ओम शक्ति संगठन की ओर से गोल बिल्डिंग सर्किल के पास क्रिकेट मैच के फाइनल का प्रसारण करने के लिए बड़ी LED लगाई जाएगी। जहां शहर के लोग क्रिकेट मैच का लुत्फ उठा सकेंगे।