किशनगढ़बास उपखंड के दोंगडा गांव में पानी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने अलवर-भिवाड़ी मेगा हाईवे संख्या 25 पर दोंगडा स्टैंड पर करीब 25 मिनट तक जाम लगाया। इस दौरान हाईवे पर करीब 1 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। ग्रामीणों ने मटका फोड़कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर किशनगढ़बास पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर जाम को खुलवाया। सहायक उप निरीक्षक ज्ञानचंद ने ग्रामीणों को समझाया कि जाम लगाकर समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि ये आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने सुझाव दिया कि ग्रामीण अपनी समस्या जलदाय विभाग के अधिकारियों, एसडीएम या कलेक्टर के सामने रखें, ताकि स्थाई समाधान निकल सके। गांव की महिला पूनम कौर ने बताया कि करीब 8 दिन से पानी नहीं आने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। बच्चे स्कूल और कॉलेज नहीं जा पा रहे, वहीं महिलाएं खाना बनाने तक में असमर्थ हो रही हैं। ग्रामीण गीता ने आरोप लगाया कि जब वे कहीं पानी भरने जाते हैं तो बर्तन फेंक दिए जाते हैं। मजबूरी में बाहर से महंगा पानी खरीदकर लाना पड़ रहा है। ग्रामीण किसान परिवारों का कहना है कि पानी की समस्या ने उनके खेत और रोजगार दोनों को प्रभावित किया है। ड्यूटी पर जाने वाले महिला और पुरुषों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के सरपंच ने बताया कि जल जीवन मिशन का काम पिछले दो साल से अधूरा है। ठेकेदार समय सीमा निकल जाने के बावजूद कार्य पूरा नहीं कर पाया। गांव में लगी बोरिंग की एक मोटर खराब हो गई है, जबकि दूसरी का तार जल जाने से सप्लाई बाधित है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों के साथ जल्द ही एसडीएम से मुलाकात कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और सरकार से तत्काल कार्रवाई कर गांव को पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।