फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए 9 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। अस्पताल में अक्सर वाहन चोरी और लड़ाई-झगड़े की घटनाओं के कारण डॉक्टर और मरीज असुरक्षित महसूस कर रहे थे, जिसके बाद सरकार ने यह कदम उठाया है। सरकारी अस्पताल के एसएमओ डॉ. एरिक ने बताया कि अस्पताल में लगातार वाहन चोरी की घटनाएं हो रही थीं और कई बार लड़ाई-झगड़े भी हुए, जिससे डॉक्टर और लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सरकार और उच्च अधिकारियों को लगातार लिखित में सूचित किया जा रहा था। डॉ. एरिक ने बताया कि सरकार ने पेस्को कॉन्ट्रैक्ट के तहत जिला सरकारी अस्पताल फाजिल्का को 9 सुरक्षाकर्मी उपलब्ध करवाए हैं। ये सुरक्षाकर्मी ओपीडी ब्लॉक, इमरजेंसी और वार्डों में तैनात किए गए हैं, ताकि अस्पताल में कोई अप्रिय घटना न हो। उन्होंने कहा कि इन सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बाद लोग और डॉक्टर खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे। ये सुरक्षाकर्मी 24 घंटे अस्पताल में तैनात रहेंगे और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस को दी जाएगी।