उदयपुर में बीजेपी नेत्री के कथित वीडियो कांड के जांच अधिकारी को बदलने के बाद चर्चाएं तेज हो गई हैं। बीजेपी का बड़ा धड़ा मामले के नेताओं पर चारित्रिक रूप से खराब होने का आरोप लगाकर पार्टी के पदों से हटाने के लिए लॉबिंग कर रहा है। उन्हें अब जांच अधिकारी के बदलने पर कुछ नेताओं के नाम सामने आने की उम्मीद है। नेताओं ने शिकायत में कहा- इस कांड के पदाधिकारियों के पद पर रहने पर आगामी निगम चुनाव में संगठन को बड़ा नुकसान के साथ विपक्ष को बड़ा मुद्दा मिल जाएगा। इस पर पार्टी की इमेज को कवर करना बहुत ज्यादा मुश्किल होगा। वहीं, पार्टी का दूसरा धड़ा अपने आप को निर्दोष बताते हुए 2 केन्द्रीय मंत्रियों के जरिए अपने आप को राजनीति का शिकार बता रहा है। उनका कहना है कि कुछ नेताओं द्वारा टारगेट कर दुष्प्रचार किया जा रहा है। जबकि ऐसे कोई सबूत ही नहीं हैं। बिना सबूत के क्यों इस्तीफा दें। जयपुर से लेकर दिल्ली तक रोजाना बड़े घटनाक्रम की अपडेट दी जा रही है। इसी बीच राष्ट्रीय नेतृत्व के पदाधिकारियों और सीएम भजनलाल शर्मा ने भी इस मामले पर जल्द निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यही नहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी इस मामले को उदयपुर फाइल्स का नाम देकर विधानसभा में उठाया था। गुलाबचंद कटारिया से मिला था आरोपी का परिवार पिछले दिनों उदयपुर में जनसुनवाई के दौरान पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से ​आरोपी के परिवार ने पुलिस और भाजपा नेताओं की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए तोड़फोड़ करने के आरोप लगाए थे। आरोपी के परिवार ने निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई करवाने की मांग की थी। इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, RLP प्रमुख हनुमान बेनीवाल और BAP सांसद राजकुमार रोत भी बीजेपी को आड़े हाथ ले चुके हैं। क्या है मामला दरअसल, उदयपुर में 11 फरवरी को भूपालपुरा थाने में बीजेपी महिला नेता ने एक वकील पर एआई के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज करवाया था। इस पर पुलिस ने रात करीब 3 से 4 बजे के बीच कार्रवाई कर वकील को उसके घर से उठाया था। महिला नेता के साथ तथाकथित कई बडे़ पदाधिकारियों के साथ आपतिजनक स्थिति में होने की बात कही जा रही है। इस दौरान कुछ लोगों ने हाथ में सरिए और अन्य औजारों के साथ वकील के घर में घुसकर तोड़फोड़ की थी। इस पर आरोपी के परिवार ने पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से मिलकर जबरन घर में घुसकर हथियार लेकर आए युवकों और पुलिस पर टॉर्चर के आरोप लगाए थे। मामले पर उदयपुर से लेकर प्रदेश तक के बीजेपी नेताओं ने चुप्पी साध रखी है। ये भी पढ़ें… हथियार लिए युवकों के साथ आई पुलिस,वकील को उठाया,VIDEO:मां का आरोप-गेट तोड़ा, बदमाश आए थे, जूली ने कहा था- उदयपुर फाइल्स आएगी उदयपुर में 11 फरवरी को बीजेपी की महिला नेता ने वकील पर आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए थे। उसी रात की पुलिस कार्रवाई का सोमवार को एक वीडियो सामने आया है। इसमें कुछ युवक हथियार (हथौड़ा-सब्बल) के साथ दिख रहे हैं। फुटेज में डीएसपी गिर्वा गोपाल चंदेल भी नजर आ रहे हैं। उनके साथ पुलिस जवान और एक छोटी हाइट का सूट पहने व्यक्ति भी घर की तरफ जाता दिखाई दे रहा है। (पूरी खबर पढ़ें)