जयपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार जानलेवा बन गई। गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने दुकानदार को उड़ा दिया। कार की टक्कर के बाद दुकानदार करीब 20 फीट उछलकर दूर जा गिरा। हादसे के बाद कार फंसने के बाद घटनास्थल से कार में सवार दोनों युवक भाग निकले। पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। घटना बगरू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे की है। हादसे में घायल दुकानदार को स्थानीय लोगों की मदद से हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। फिलहाल पुलिस कार सवार युवकों की तलाश में जुट गई है। पहले देखिए, घटना से जुड़े 5 PHOTO’S तेज रफ्तार कार ने डेयरी बूथ संचालक को मारी टक्कर पुलिस के मुताबिक, हादसा बगरू इंडस्ट्रियल एरिया के संडे मार्केट में हुआ। सुबह करीब 6 बजे मार्केट में दुकान खोलने के बाद दुकानदार बाहर दूध कैरेट और सामान निकाल रहा था। इसी दौरान ओवर स्पीड कार ने उसे चपेट में ले लिया। बेकाबू होकर डेयरी बूथ की तरफ घुसी कार ने दुकानदार को टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि दुकानदार करीब 20 फीट दूर उछलकर जा गिरा। घायल होने के कारण वह अपनी जगह से उठ भी नहीं सका। घायल डेयरी बूथ संचालक को देख भाग निकले दोनों युवक पुलिस ने आगे बताया कि सीढ़ियों के कारण कार फंसने पर उसमें सवार दोनों युवक जैसे-तैसे बाहर निकले और घायल दुकानदार को देखकर कार को मौके पर छोड़ भाग निकले। राहगीरों ने एक्सीडेंट्ल कार और उसकी टक्कर से घायल दुकानदार को देखकर संभाला। स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुकानदार को पास ही प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंची बगरू थाना पुलिस ने कार को जब्त कर उसमें सवार युवकों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के पास लगे CCTV फुटेज में ओवर स्पीड कार का कहर कैद मिला। अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्या को दैनिक भास्कर एप के सिविक इश्यू में पोस्ट करना के लिए क्लिक करें।
