चूरू में एक मकान में घुसे 4 चोरों ने बुजुर्ग महिला से मारपीट की। उसकी आंखों में दवाई डालकर सोने की चूड़ियां, चेन और झुमके उतार लिए। इसके बाद साड़ी से बांधकर कमरे में बंद कर दिया। चोर सोने-चांदी के गहने और 3 लाख रुपए नकद सहित 15 लाख रुपए का सामान ले गए। घटना बुधवार देर रात कोतवाली थाना इलाके की है। कोतवाली थाने के एएसआई लक्ष्मण सिंह के अनुसार वार्ड 23 निवासी बुजुर्ग भगवती सोनी (85) ने मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया कि वह अपने पुराने पुस्तैनी मकान में अकेली रहती है। वह रात को खाना खाकर सो गई थीं। देर रात चार अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए। चोरों ने उससे मारपीट की। इसके बाद एक चोर आंखों में दवाई डाली और हाथ से सोने की चार चड़ियां, गले से सोने की दो चेन और कान से दो सोने के झुमके निकाल ले गए। इसके बाद साड़ी से बांधकर पूजा घर में बंद कर दिया। इसके बाद अलमारी में रखे अन्य गहने और तीन लाख रुपए नकद भी ले गए। चोरों के जाने के बाद चिल्लाई तो पहुंचे पड़ोसी चोरों के जाने के बाद भगवती सोनी चिल्लाई, जिससे पड़ोसी जागे। पड़ोसियों ने उनके छोटे बेटे वेदप्रकाश सोनी को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई लक्ष्मण सिंह के अनुसार भगवती सोनी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। घर से 3 लाख रुपए नकद और गहने सहित कुल 15 लाख रुपए का सामान चोरी होने की बात सामने आई है। 3 बेटे, फिर भी अकेली रहती है बुजुर्ग महिला के 3 बेटे हैं। इनमें एक परिवार सहित जयपुर और एक सीकर में रहता है। वहीं, एक बेटा चूरू में ही दूसरे मोहल्ले में रहता है। बुजुर्ग महिला पुस्तैनी मकान में अकेली रहती थी।