केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव गुरुवार (25 सितंबर) को पाली रेलवे स्टेशन आएंगे। केंद्रीय मंत्री के दौरे से पहले स्टेशन को चमकाने का काम किया जा रहा है। स्टेशन पर चल रहे काम को देखने बुधवार को जोधपुर रेलवे मंडल के DRM अनुराग त्रिपाठी टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने खिड़की पर लगे लकड़ी के टुकड़े को देखकर टेक्निकल अफसरों फटकार लगाई। कहा- यह देखो कितना गंदा लग रहा है, क्या आप अपने घर पर भी काम करवाते हो तो ऐसा ही काम करवाना पसंद करते हो। नहीं आता तो किसी से पूछोगे, जहां जो मर्जी हो कर लोगे। दरअसल, पाली स्टेशन पर रंगरोगन, पुरानी कुर्सियां बदलने, रेस्ट रूम में एसी लगाने, टॉयलेट को सुधारने, खिड़की-दरवाजे बदलने का काम चल रहा है। कल सुबह 6 बजे आएंगे केंद्रीय मंत्री
डीआरएम अनुराग त्रिपाठी पाली रेलवे स्टेशन पर करीब 2 घंटे तक रुके। इस दौरान सारी व्यवस्था देखी। जहां-जहां उन्हें कमी नजर आई, उसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया- जोधपुर से दिल्ली कैंट और बीकानेर-दिल्ली कैंट चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को बांसवाड़ा से वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर भी एक कार्यक्रम होगा। इसमें केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्वनी वैष्णव पहुंचेंगे। इससे पहले गुरुवार सुबह 6 बजे वे पाली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। फिर पाली में होने वाले लघु उद्योग भारती के कार्यक्रम में शामिल होंगे। 11:45 बजे जोधपुर के लिए रवाना होंगे। स्टेशन पर आए यात्री बोले- साल में 2 बार आए मंत्री
रेलवे स्टेशन पर सुधार कार्य को देखते हुए प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री खुश दिखाई दिए। उन्होंने कहा- मंत्रीजी साल में एक- दो दौरे पाली रेलवे स्टेशन के कर लें तो इसकी दशा काफी सुधर जाएगी।