पंजाब के मोहाली में स्थित गुरुद्वारा साहिब अंब की जमीन बेचने के विवाद ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर ज्ञानी रघुबीर सिंह ने जालंधर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जमीन के सौदे के साथ-साथ 328 पावन स्वरूपों के लापता होने के पुराने विवाद को भी उठाते हुए सीधे तौर पर बादल परिवार को भ्रष्टाचार का जिम्मेदार ठहराया है। मोहाली में बीते दिनों गुरुद्वारा साहिब अंब की बेशकीमती जमीन को बेचने का एक बड़ा मामला सामने आया था। इस घटना के बाद से ही धार्मिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। गुरुद्वारा साहिब की जमीन की बिक्री का विवाद इसी कड़ी में आज ज्ञानी रघुबीर सिंह ने प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा साहिब की जमीन की बिक्री को लेकर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई और इस पूरे मामले पर विस्तार से बात की। सुखबीर सिंह बादल पर कसा तंज ज्ञानी रघुबीर सिंह ने अपनी प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से सुखबीर सिंह बादल को निशाने पर लिया। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एसजीपीसी (SGPC) के अधीन आने वाली जमीनों को बेचकर कुछ लोग अपनी जेबें भर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने 328 पावन स्वरूपों का मुद्दा भी फिर से उठाया। उन्होंने कहा कि यह मामला काफी समय से गरमाया हुआ है और सिख संगत में इसे लेकर भारी रोष है। रघुबीर सिंह ने स्पष्ट शब्दों में आरोप लगाया कि एसजीपीसी के भीतर पनप रहे भ्रष्टाचार के पीछे बादल परिवार का हाथ है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने की मांग की है।
