जालंधर में आज पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। फोलड़ीवाल इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कौशल चौधरी गैंग के एक खतरनाक शूटर को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया। गुप्त सूचना पर पुलिस की घेराबंदी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वारदातों में वांछित अपराधी फोलड़ीवाल इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर जब पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने आरोपी को घेरकर काबू करने की कोशिश की, तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई बदमाश की ओर से गोली चलने के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया, जिसकी पहचान आकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मोहाली मर्डर केस में था वांछित पकड़ा गया शूटर आकाश कौशल चौधरी गैंग से जुड़ा हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह कुछ दिन पहले मोहाली में हुए जिम मालिक के मर्डर के मामले में मुख्य रूप से वांछित था। हत्या की इस वारदात के बाद से ही पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। कई जिलों में वारदातों को दिया अंजाम पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी आकाश का अपराध ग्राफ काफी बड़ा है। उसने न केवल मोहाली, बल्कि जगरावां में भी फायरिंग की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और भविष्य की साजिशों का खुलासा हो सके।
