जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में हाड़ौता चौराहे के पास एक दुकान पर एम्बुलेंस में एलपीजी गैस भरते समय अचानक ब्लास्ट हो गया।
इस घटना में एम्बुलेंस में भीषण आग लग गई और गैस भर रहा एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया झुलस गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। देखते ही देखते एम्बुलेंस आग की लपटों से घिर गई और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। यह हादसा मंगलवार को सुबह 11:30 से 11:45 के बीच हुआ। देखिए हादसे से जुड़े 3 फोटोज
अचानक धमाका हुआ और एम्बुलेंस में आग लगी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एम्बुलेंस में अवैध तरीके से एलपीजी गैस रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान गैस का रिसाव हुआ और अचानक धमाका हो गया, जिससे गाड़ी में आग लग गई। दुकानें छोड़कर बाहर निकले दुकानदार
आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर बाहर निकल आए और तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर दमकल की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। चौमूं थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके को खाली करवाकर स्थिति को काबू में किया। मौके से 2 सिलेंडर किए जब्त
थाना प्रभारी हरबेन्द्र सिंह ने मौके का जायजा लिया। वहीं जिला परिवहन अधिकारी अनूप सिंह सहरिया भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि एम्बुलेंस में अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडर लगाकर वाहन चलाना नियमों के विरुद्ध है और इस मामले में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके से 2 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए गए है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौमूं शहर में कई एम्बुलेंस में अवैध रूप से एलपीजी गैस भरकर संचालन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे इस तरह के हादसों की आशंका बनी रहती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
