फाजिल्का जिले के फिरोजपुर हाईवे पर एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग घायल होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य बाइक पर सवार होकर घर वापिस लौट रहे थे कि पीछे से कार ड्राइवर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि हादसे में तीनों लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर डॉक्टरों का कहना है कि हादसे में घायल मां बेटी को ज्यादा चोटें आई है और दोनों की टांग टूट गई है। फिलहाल घायलों का इलाज किया जा रहा है और इसकी सूचना पुलिस को दी जा रही है। घर लौटते समय कार ने मारी टक्कर जानकारी देते हुए घायल महिला परमजीत कौर ने बताया कि वह हिसानवाला गांव के रहने वाले है। वह बाइक पर सवार होकर चर्च से वापिस घर को अपने गांव लौट रहे थे कि रास्ते में टाहली पीर गुरुद्वारा साहिब के नजदीक उनके साथ सड़क हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि वह अपने लड़के और लड़की सहित तीन लोग थे, लेकिन हादसा इतना भयानक था कि उनके बाइक को कार ड्राइवर ने पीछे से जोरदार टक्कर मारी। जिस दौरान उसकी बेटी निशा कार के ऊपर जा गिरी और वह खुद भी बुरी तरह से घायल हो गई। तीनों को घायल अवस्था में इलाज के लिए तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल स्टाफ ने बुलाई पुलिस जहां परिवार द्वारा इंसाफ की मांग की जा रही है। उधर डाक्टर के मुताबिक सड़क हादसे में मां बेटी को ज्यादा चोट आई है। जिसमें दोनों की एक एक टांग टूट गई है, जिनका इलाज सरकारी अस्पताल में किया जा रहा है। हादसे की सूचना एमएलआर के जरिए पुलिस को भेजी जा रही है। जिसके बाद आगे की कार्यवाही संबंधित थाने की पुलिस द्वारा की जाएगी।