जयपुर एयरपोर्ट पर अभिनेता सोनू सूद पहुंचे। एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर को फैंस ने उनका स्वागत किया। इस दौरान एक दिलचस्प पल भी देखने को मिला। सोनू सूद की ओर से अभिनेता राजपाल यादव की हाल ही मदद के लिए फैंस ने उनका आभार जताया। फैंस ने सोनू सूद से कहा- राजपाल यादव ने आपको थैंक यू कहा है। इस पर सोनू ने मुस्कुराते हुए चुटकी ली, कब कहा है? क्या तू अंदर जाकर आया है? वहीं उन्होंने कहा- वे कल बाहर आ जाएंगे। उनके इस जवाब पर वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाकर हंस पड़े। झुंझुनूं में कार्यक्रम के लिए हुए रवाना
एक्टर सोनू सूद एयरपोर्ट से झुंझुनूं के लिए रवाना हो गए। वे डूंडलोद गर्ल्स स्कूल बलवंतपुरा में आयोजित वार्षिक उत्सव ‘एलैसिया 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर स्थानीय स्तर पर भी उत्साह का माहौल है। वे करीब 8 साल बाद झुंझुनूं जिले की यात्रा पर जा रहे हैं। सोनू सूद मदद को आए थे आगे
राजपाल यादव ने 2010 में एक फिल्म बनाने के लिए प्राइवेट कंपनी से 5 करोड़ रुपए का लोन लिया था। फिल्म फ्लॉप रही और समय पर कंपनी को भुगतान नहीं कर सके। कंपनी ने 2018 में केस कर दिया। इसी मामले में राजपाल यादव को जेल हुई है। इसके बाद राजपाल यादव की मदद के लिए फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियां आगे आने की बात कह रही हैं। सबसे पहले अभिनेता सोनू सूद ने मदद की बात कही। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर ‘X’ हैंडल पर लिखा- राजपाल यादव एक बहुत ही प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने हमारी फिल्म इंडस्ट्री को कई यादगार और अविस्मरणीय काम दिए हैं। कभी-कभी जिंदगी अन्यायपूर्ण हो जाती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी में टैलेंट की कमी है, बल्कि समय कभी-कभी बहुत कठोर हो सकता है। वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे और मेरा मानना है कि यह वह समय है जब हम सभी प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और सहयोगी एक साथ खड़े हों। जो छोटा सा साइनिंग अमाउंट दिया जाएगा, जिसे भविष्य के काम के हिसाब से समायोजित किया जा सकता है, यह कोई दान नहीं है, बल्कि यह उनका सम्मान और गरिमा है। अब पढ़िए राजपाल यादव से जुड़ा चेक बाउंस मामला…
साल 2010 में राजपाल यादव ने फिल्म ‘’अता पता लापता” बनाने के लिए प्राइवेट कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। ये फिल्म फ्लॉप रही और राजपाल यादव को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा। राजपाल यादव समय रहते कर्ज की रकम नहीं लौटा सके। लोन लेते समय राजपाल यादव ने जो चेक कंपनी को दिए थे, वो बाउंस हो गए। इसके बाद एक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई। दोनों पार्टी के बीच समझौते के बावजूद पूरी पेमेंट नहीं हुई और समय के साथ ब्याज जुड़ता गया, जिससे कुल कर्ज काफी बढ़ गया। साल 2018 में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने राजपाल यादव को दोषी ठहराया और उन्हें छह महीने की जेल की सजा सुनाई। इसके बाद उन्होंने उच्च अदालत में अपील की, जहां उन्हें कई बार राहत मिली, क्योंकि उन्होंने भुगतान और समझौते का भरोसा दिया था। परफॉर्मेंस के लिए पहुंचे जिगर सरैया
वहीं बॉलीवुड सिंगर और म्यूजिक कंपोजर जिगर सरैया भी जयपुर पहुंचे। वे यहां एक म्यूजिकल परफॉर्मेंस के लिए आए हैं। राजस्थान में होने वाली डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए वे यहां आए हैं। राजस्थान में वे लगातार परफॉर्मेंस के लिए आ रहे हैं। बॉलीवुड में सचिन-जिगर की जोड़ी काफी लोकप्रिय है। दोनों ने कई सुपरहिट फिल्मों में संगीत दिया है। पिछले साल जयपुर में आयोजित आईफा इवेंट में भी इस जोड़ी ने शानदार प्रस्तुति दी थी।