जालंधर के गांव सरहाली में एक व्यक्ति का शव गांव के ही तालाब में पड़ा मिला। मृतक की पहचान गांव के ही निवासी संतोष राम उर्फ बारू राम के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर जंडियाला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस जांच शुरू की घटना की सूचना मिलते ही चौकी जंडियाला की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला और अपने कब्जे में लिया। ग्रामीण की मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल, जालंधर भेज दिया गया है। गांव के सरपंच हरमेश लाल ने बताया कि उन्हें गांव के कुछ युवाओं ने फोन पर तालाब में शव होने की सूचना दी थी। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर मृतक के परिवार को सूचित किया और पुलिस को बुलाया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहराई से जांच कर रही है।
