फाजिल्का जिले के अबोहर में नानक नगर गली नंबर 3 में एक नाबालिग किशोर पर बीती रात तीन युवकों ने कापे से हमला कर दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दे कि यह हमला पहले से दर्ज एक मामले को रद्द करवाने के दबाव में किया गया। घायल किशोर ने नक्ष चुघ (करीब 16 साल) ने बताया कि कुछ महीने पहले मोहल्ले के आदिल लूथरा और उसके साथियों ने उसके भाई अनमोल को जबरन अगवा कर हमला किया था। उन्होंने अनमोल से फिरौती की मांग भी की थी। इस मामले में पुलिस ने आदिल और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, लेकिन उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मेें दर्ज केस वापस लेने की दी धमकी नक्ष के अनुसार, बीती रात जब वह बाइक पर बस स्टैंड से घर लौट रहा था, तभी हमलावरों ने पीछे से उस पर वार किया। उन्होंने नक्ष को धमकी दी कि वे उन पर दर्ज शिकायत वापस ले, वरना अंजाम बुरा होगा। नक्ष ने बताया कि उसे और उसके भाई को हमलावरों से जान का खतरा है और उसने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जांच में जुटी पुलिस थाना नंबर एक के प्रभारी रविंद्र भीटी ने बताया कि पहले भी इन पक्षों के बीच आपसी रंजिश का झगड़ा हुआ था, जिस पर पुलिस ने जांच कर मामला दर्ज किया था। उन्होंने कहा कि बीती रात हुए हमले के संबंध में पुलिस घायल के बयान दर्ज कर रही है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।