जयपुर में रैपिडो बाइक ड्राइवर के युवती से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। गलत रुट पर सुनसान जगह ले जाते देख युवती के विरोध करने पर बाइक राइडर ने धमकाया। शोर मचाने पर इकट्ठा होते लोगों को देखकर बाइक लेकर आरोपी राइडर फरार हो गया। भांकरोटा थाने में पीड़िता ने रैपिडो बाइक ड्राइवर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने बताया- वैशाली नगर की रहने वाली 27 साल की युवती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया- उसके साथ रैपिडो बाइक ड्राइवर ने छेड़छाड़ की। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे घर से प्रताप नगर जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। बाइक राइडर ने उसे बैठाकर प्रताप नगर के लिए रवाना हो गया। रास्ते में दूसरे रूट पर ले गया। विरोध करने पर धमकाते हुए नेवटा गांव में सुनसान जगह ले गया। रोकने की कोशिश करने पर बार-बार धमकी देता रहा। रास्ते में एक कंपनी के कुछ कर्मचारियों को देखकर शोर मचाया। लोगों के इकट्ठा होकर आते देखकर आरोपी रैपिडो ड्राइवर उसे उतारकर भाग निकला। भांकरोटा थाने में पीड़ित युवती ने रैपिडो ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
