बूंदी में घरेलू विवाद ने पिता की जान ले ली। कलयुगी बेटे ने लाठियों से पीट-पीट कर पिता को मौत के घाट उतार दिया। घटना केशोरायपाटन थाना क्षेत्र के गांव सोड़ेला में मंगलवार रात करीब 8 बजे के आसपास की है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, पिता और बेटे के बीच घर पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। झगड़े के दौरान बेटे लेखराज ने लकड़ी से अपने पिता राम रतन के सिर पर वार कर दिया। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल राम रतन को आसपास के लोगों की मदद से केशोरायपाटन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। एमबीएस अस्पताल में तोड़ा दम जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। एमबीएस अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। हालांकि, ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक पिता के दो बेटे रहते हैं बाहर केशोरायपाटन थाने के एएसआई हरिशंकर शर्मा ने बताया कि मृतक राम रतन के तीन बेटे हैं, जिनमें से दो बाहर रहते हैं, जबकि लेखराज उनके साथ ही रहता था। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के चलते घटना होना सामने आया है। पुलिस ने आरोपी लेखराज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
