गुरदसपुर जिले के डेरा बाबा नानक में मेडिकल स्टोर मालिक रणबीर सिंह बेदी की हत्या के आरोपी गैंगस्टर निशान सिंह पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान पिस्तौल बरामदगी के दौरान हुई। यह घटना 28 जनवरी को हुई थी, जब बेदी मेडिकल स्टोर के मालिक रणबीर सिंह बेदी पुत्र रघबीर सिंह बेदी, निवासी डेरा बाबा नानक, सुबह करीब 8 बजे अपना मेडिकल स्टोर खोल रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियां रणबीर सिंह बेदी के सिर में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अमृतसर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। यह मामला फिरौती से जुड़ा बताया जा रहा है। कुछ महीने पहले भी रणबीर सिंह पर फिरौती को लेकर फायरिंग की गई थी। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले शूटर निशान सिंह को आज अमृतसर के गुरु रामदास अस्पताल से गिरफ्तार किया था। पिस्तौल बरामद कराने लेकर गई थी पुलिस देर शाम, जब निशान सिंह को पिस्तौल बरामद करने के लिए डेरा बाबा नानक के पास एक सुनसान जगह पर ले जाया गया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। निशान सिंह ने चार राउंड गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में निशान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि इस वारदात में शामिल निशान सिंह के दो अन्य साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके विदेश में बैठे गैंगस्टरों से सीधे संपर्क हैं। डीआईजी के अनुसार, मेडिकल स्टोर मालिक से फिरौती की मांग पूरी न होने के कारण ही यह हमला किया गया था। 2024 में भी हुआ था हमला मौके पर पहुंची डेरा बाबा नानक पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि वर्ष 2024 में 23 अक्टूबर को इसी मेडिकल स्टोर पर पहले भी हमला किया गया था। उस समय नकाबपोश हमलावर फायरिंग कर फरार हो गए थे और तब मेडिकल स्टोर के मालिक रणदीप सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के बाद उसकी मौत हो गई इस वारदात को लेकर पूरे कस्बा डेरा बाबा नानक में दहशत का माहौल है।