देशभर में उपभोक्ताओं को आज से बड़ी राहत मिल गई है। सरकार ने 3 सितंबर को GST में कटौती का जो ऐलान किया था, वह अब लागू हो गया है। अब केवल दो स्लैब में जीएसटी वसूली होगी 5% और 18%। इससे रोजमर्रा की चीजों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सामान और गाड़ियों तक सब सस्ता हो गया है। जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में लिए गए इस फैसले को उपभोक्ता हित में बड़ा कदम माना जा रहा है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बताया कि GST दरें घटाने से आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने दुकानदारों और व्यवसायियों से अपील की कि वे अपने ग्राहकों से सिर्फ 18% GST ही वसूलें और ईमानदारी से काम करें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को भी जागरूक रहना होगा ताकि इस राहत का सीधा लाभ उन्हें मिल सके। व्यापारियों से स्वदेशी बेचने की अपील
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने जीएसटी बचत उत्सव के तहत सांगोद इलाके में जागरूकता रैली निकाली और व्यापारियों को फूल देकर स्वदेशी अपनाने और स्वदेशी बेचने का आग्रह किया। बिल्डर वरुण रस्सेवट ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी का असर कंस्ट्रक्शन सेक्टर पर भी पड़ेगा। कई तरह के सामान पर 10% तक GST घटने से मकान निर्माण की लागत में भी कमी आएगी और आम आदमी को फायदा मिलेगा। इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर पर दिखेगा असर
फर्नीचर व्यवसायी यश मालवीय ने बताया कि पहले 28% GST लगती थी, जो अब घटाकर 18% कर दी गई है। इसका सीधा फायदा ग्राहकों को होगा। उन्होंने कहा कि दुकानदारों और शोरूम मालिकों को इससे कोई नुकसान नहीं होगा, क्योंकि यह राहत पूरी तरह उपभोक्ताओं की जेब में जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में भी इसका बड़ा असर दिखेगा। शोरूम सेल्स हेड अनिल सिंगल ने बताया कि पहले AC, फ्रिज, वॉशिंग मशीन जैसे सामान पर 28% GST देनी पड़ती थी, लेकिन अब यह घटकर 18% हो गई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जो एयर कंडीशनर पहले ₹36,000 में आता था, वह अब ₹30,000 का मिलेगा। मिडिल क्लास को मिलेगी राहत
गोदरेज शोरूम मैनेजर विट्ठल लाल शर्मा ने कहा कि इस राहत का सीधा असर ग्राहकों पर होगा न कि डीलरों या डिस्ट्रीब्यूटरों पर। वहीं हेमंत शर्मा ने बताया कि त्योहारों के समय पर GST कम होने से मिडिल क्लास और गरीब तबके दोनों को राहत मिलेगी। खाने-पीने की चीजों, होटल रूम्स और बाइक जैसी वस्तुओं पर भी उपभोक्ताओं को 10% तक की राहत मिलेगी। चार्टर्ड अकाउंटेंट लविश चावला ने कहा कि नवरात्र के समय यह फैसला जनता की जेब को सीधा फायदा पहुंचाने वाला है। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू सामान और वाहन खरीद पर GST घटने से आम आदमी की बचत बढ़ेगी। कुल मिलाकर, GST स्लैब में इस कटौती से आम उपभोक्ता के बजट पर सकारात्मक असर होगा और त्योहारों से पहले यह कदम केंद्र सरकार की बड़ी सौगात माना जा रहा है।
