बाड़मेर में एक बुजुर्ग से युवक ने बेरहमी से मारपीट की। लात और जूतों से बुरी तरह पीटा। बुजुर्ग ने बचाने की गुहार की, लेकिन युवक लगातार पीटता रहा। घटना जिले के गडरारोड थाना इलाके हीरपुरा गांव में 31 जनवरी की है। मंगलवार शाम को इसका वीडियो भी सामने आया, जिसमें पूरी मारपीट साफ दिखाई दे रही है। पीड़ित बुजुर्ग ने गडरारोड थाने में रिपोर्ट दी है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे बकरियों को लेकर विवाद सामने आया है। बकरियां कम होने पर मारपीट की
पुलिस के अनुसार- 50 वर्षीय बुजुर्ग 31 जनवरी को बकरियां लेकर भंवरपुरी के घर पर पहुंचा था। इस दौरान बकरियां कम होने पर विवाद हो गया। इस पर भंवरपुरी ने जमीन पर बैठे बुजुर्ग को जूते से सिर पर मारना शुरू कर दिया। इस दौरान बुजुर्ग उससे पूछने लगा कि क्या हो गया। लेकिन वह लगातार उसे पीटता रहा। बुजुर्ग जैसे-तैसे खड़ा हुआ और बाहर जाने लगा। इस पर युवक ने उसे लात भी मारी। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति उसके पीछे भागता है। गडरारोड थाने के सीआई मुकनदान ने बताया- 50 वर्षीय बुजुर्ग निवासी लाले का तला गडरारोड ने मंगलवार शाम को रिपोर्ट दी थी। इसमें भंवरपुरी (30) पुत्र शिवपुरी निवासी हीरपुरा पर मारपीट का आरोप है। मामले में भंवरपुरी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। 36 सेकंड का है वीडियो
सोशल मीडिया पर आया वीडियो 36 सेकंड का है। इसमें एक युवक जमीन पर बैठे बुजुर्ग को जूते से मार रहा है। उस वक्त बुजुर्ग पानी पी रहा था। फिर उसे लातों से पीटा गया। युवक बोल रहा है कि घर से बाहर निकल। फिर गालियां देते हुए घर से बाहर निकालता है। इस दौरान पीछे से एक लात भी मारता है। घटना के दौरान दो युवक वहां खड़े हैं। एक युवक वीडियो बनाता दिख रहा है, वहीं दूसरा युवक देख रहा है।
