हनुमानगढ़. जिला मुख्यालय पर जंक्शन क्षेत्र में संचालित हो रही कुछ फैक्ट्रियां लगातार प्रदूषण फैला रही है। कुछ फैक्ट्रियां प्रदूषित धुंआ उगल रही है तो कुछ प्रदूषित पानी खुले में प्रवाहित कर रही है।इस तरह हवा और पानी दोनों प्रदूषण एक साथ फैलने से आसपास में रहने वाले लोग परेशान हो रहे हैं। काफी शिकायत के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हो रहा। रीको के नजदीक नई खुंजा, हाउसिंग बोर्ड, सिविल लाइन, पुरानी खुंजा आदि बड़ी आबादी निवास कर रही है।इन क्षेत्रों में पचास हजार से अधिक की आबादी रह रही है। प्रदूषण की वजह से कुछ लोग सांस की बीमारी से ग्रसित हो रहे हैं। लेकिन इन फैक्ट्रियों पर नकेल कसने के नाम पर स्थानीय अधिकारी खानापूर्ति के अलावा कुछ नहीं कर रहे। इस वजह से गत दिनों प्रदूषण के मामले में हनुमानगढ़ पूरे देश में टॉप स्थान पर पहुंच गया था। इतने के बावजूद स्थानीय अधिकारियों की आंखें नहीं खुली।
