प्रतापगढ़ पुलिस ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई चोरी का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है। स्कूल की प्रधानाध्यापिका संगीता शर्मा ने 11 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जुलाई से सितंबर के बीच स्कूल में कई बार चोरी हुई। चोरों ने फिजिक्स और केमिस्ट्री लैब की खिड़कियों की सलाखें तोड़कर कीमती उपकरण चुराए। 10 सितंबर की रात को चोरों ने कमरा नंबर 55 का ताला तोड़कर दीवार पर लगी 55 इंच की LED टीवी भी चुरा ली। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर तीन आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों में 20 वर्षीय पिन्टूनाथ, 31 वर्षीय हिम्मत सिंह उर्फ अज्जु और 20 वर्षीय मनीष शामिल हैं। पूछताछ में तीनों ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया। न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को जिला कारागृह भेज दिया गया है।
