नागौर में जिले की स्पेशल टीम (डीएसटी) ने पहली कार्रवाई में पांचला सिद्धा गांव में कुख्यात तस्कर एसपी बिश्नोई के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 700 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स और तस्करी से अर्जित करीब 10 लाख रुपए नकद बरामद किए। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी एसपी बिश्नोई मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार वह एमडी सप्लाई का किंगपिन माना जा रहा है। टीम ने तस्कर की पत्नी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। गोगेलाव रिंग रोड पर डोडा पोस्त पकड़ा दूसरी कार्रवाई में थाना सदर नागौर और ए.एन.टी.एफ. चौकी की संयुक्त टीम ने गोगेलाव रिंग रोड तिराहा के पास घेराबंदी कर एक तस्कर को पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से 9 किलो 399 ग्राम अवैध डोडा पोस्त (चूरा व छिलका) बरामद किया। आरोपी की पहचान रामचंद्र विश्नोई निवासी रोटू के रूप में हुई है। मौके से एक बिना नम्बरी बोलेरो कैम्पर भी जब्त की गई। जांच में सामने आया कि पुलिस को गुमराह करने के लिए वाहन में दो अलग-अलग नंबरों की चार फर्जी नंबर प्लेटें रखी गई थीं।