खेजड़ी बचाओ आंदोलन के तहत आज बीकानेर बंद की घोषणा की गई है। पर्यावरण प्रेमियों की अपील के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। बंद को लेकर व्यापारिक संगठनों ने समर्थन दिया है, वहीं शहरी क्षेत्र के सरकारी व निजी स्कूलों में आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। शहरी स्कूलों में लंच टाइम के बाद छुट्टी जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) ने सोमवार को शहरी क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में लंच टाइम के बाद छुट्टी के आदेश जारी किए हैं। आदेश रविवार रात करीब साढ़े दस बजे जारी किया गया, जिसके बाद शहरी स्कूलों में अवकाश का माहौल बन गया। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा नहीं की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बंद के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी से विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। व्यापार उद्योग मंडल का समर्थन बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने भी बंद को समर्थन देने का ऐलान किया है। मंडल अध्यक्ष जुगल राठी और सचिव संजय सांड ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के समर्थन में सभी बाजार दोपहर 2 बजे तक बंद रखे जाएंगे। इसके बाद बाजार सामान्य दिनों की तरह संचालित होंगे। लंबे समय से चल रहा आंदोलन बीकानेर में खेजड़ी बचाओ आंदोलन लंबे समय से चल रहा है। आंदोलनकारियों का कहना है कि प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें बंद का आह्वान करना पड़ा। इससे पहले बिश्नोई समाज और अन्य संगठनों ने भी बड़े आंदोलन की चेतावनी दी थी। बंद के मद्देनजर शहर में पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

You missed