पेट्रोल पंप पर सो रहे दो कर्मचारियों को बंधक बनाकर 6 नकाबपोश लुटेरों ने एक लाख रुपए लूट लिए। बदमाशों ने कर्मचारियों के हाथ-पैर रस्सियों से बांधने के साथ-साथ मुंह पर टेप भी लगा दिया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सरियों से अलमारी को तोड़कर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। सूचना मिलने पर पंप मालिक मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामला बारां के अंता थाना क्षेत्र का है। घटना सोमवार रात करीब 2 बजे की है। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। बारां एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया-सुबह 3 बजे अंता पुलिस को सूचना मिली कि सीसवाली रोड स्थित अंबिका पेट्रोल पंप पर 6 नकाबपोश बदमाशों ने 2 पेट्रोल पंप कर्मचारियों को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। सूचना पर अंता पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। दो कर्मचारियों को बनाया बंधक
एसपी ने बताया-सोमवार सुबह 2 बजकर 18 मिनट पर 6 नकाबपोश बदमाश सीसवाली रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे। बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर सो रहे दो कर्मचारी आरिफ हुसैन और धनराज पोटर को बंधक बना लया। बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों के हाथ-पैर बांधे और मुंह पर टेप लगा दी। इसके बाद वे पंप के रूम में घुसे और सरिया की मदद से पम्प की तिजोरी तोड़ी। तिजोरी में रखे करीब 96 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। इस दौरान कर्मचारियों को बंधक बनाने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सुबह पौने 3 बजे कर्मचारियों ने मुश्किल से अपने मुंह की टेप हटाई और मालिक को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पंप मालिक राजकुमार नंदवाना, पुरुषोत्तम मालव और पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी ने बताया-सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक युवक के हाथ में पीतल का कड़ा दिखा। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने इस कड़े से टारडीखेड़ा गांव (अंता) के लवकुश की पहचान की, जो पंप पर सफाई का काम करता था। पुलिस टीम जब टारडीखेड़ा गांव पहुंची तो लवकुश घर पर नहीं मिला। उसकी लोकेशन खेतों में ट्रेस हुई, जहां 6 आरोपी झाड़ियों में छिपे मिले। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने खर्चे और मौज-मस्ती के लिए पैसों की जरूरत के चलते डकैती की योजना बनाई। लवकुश ने अपने साथियों को बताया कि पेट्रोल पंप पर रोजाना 3-4 लाख रुपए की बिक्री होती है। वारदात से 15 दिन पहले ही डकैती की योजना बनाई गई थी। सभी 6 आरोपी बारां डोल मेले से चाकू, गैंती, सब्बल, रस्सी, मुखौटे, टेप और हथौड़ी जैसे उपकरण खरीदकर लाए थे। 5 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
थाना अधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया-घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की और सोमवार सुबह 8 बजे 6 लोगों को डिटेन कर लिया। जिसमें एक नाबालिग शामिल है। पूछताछ में सभी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। इस पर पुलिस ने प्रदीप सुमन (20), लवकुश (19), प्रदीप (20) रामदेव (25) और सियाराम (20) सभी निवासी टारडीखेडा (अंता) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक नाबालिग को निरुद्ध कर लिया है। बारां एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया-सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है। सभी 6 लोग एक ही गांव के रहने वाले हैं।
