जयपुर. हीरे, रंगीन रत्नों और आभूषणों के प्रमाणन की वैश्विक संस्था इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टिट्यूट (IGI) ने गुरुवार को जयपुर में अपनी दूसरी अत्याधुनिक प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। 29 जनवरी 2026 को शुरू हुई यह नई लैब जयपुर के सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित की गई है, जिससे उत्तर भारत में IGI की मौजूदगी और अधिक सशक्त हुई है। जयपुर रंगीन रत्नों के व्यापार, बिना कटे पोल्की और पारंपरिक आभूषण कारीगरी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखता है।IGI के अनुसार, सीतापुरा में प्रयोगशाला की स्थापना का उद्देश्य रत्न एवं आभूषण उद्योग के निकट रहकर निर्माताओं, निर्यातकों और व्यापारियों को तेज, सटीक और भरोसेमंद प्रमाणन सेवाएं उपलब्ध कराना है। इससे न केवल उपभोक्ताओं के लिए पारदर्शिता और भरोसा बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय उद्योग को भी सीधा लाभ मिलेगा।