शनिवार को राजस्थान में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसका असर आने वाले दो सप्ताह तक देखने को मिल सकता है। इसी दौरान बीकानेर सहित प्रदेशभर में लोगों के यहां विवाह समारोह का समय है। ऐसे में मौसम विभाग ने साफ किया है कि बीकानेर में मौसम सामान्य रहेगा और बारिश जैसी कोई आशंका नहीं रहेगी। खासकर बीकानेर में होने वाले पुष्करणा समाज के सामूहिक सावे के दिन भी मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग की ओर से जारी आगामी दो सप्ताह की भविष्यवाणी में पूर्वी राजस्थान में बारिश की संभावना जताई गई है लेकिन पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश जिलों में बारिश की उम्मीद कम है। हालांकि दूसरे सप्ताह में कुछ जगह बारिश हो सकती है। जिसमें बीकानेर संभाग का हिस्सा भी शामिल है। 12 फरवरी तक की भविष्यवाणी मौसम विभाग ने बताया है कि एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी से 2 फरवरी के दौरान सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से 31 जनवरी को अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्के से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दिनांक 1-2 फरवरी को भी उत्तरी व पूर्वी राजस्थान के अजमेर, कोटा, जयपुर व भरतपुर संभाग में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश और मावठ का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। द्वितीय सप्ताह के दौरान भी राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान की स्थिति पहले सप्ताह के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है। दूसरे सप्ताह के दौरान राज्य के उत्तरी भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री अधिक रहने तथा शेष राज्य में सामान्य के आसपास रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान का पूर्वानुमान पहले सप्ताह के दौरान राज्य के उत्तरी भागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम रहने तथा शेष भागों में सामान्य के आसपास रहने कि सम्भावना है। दूसरे सप्ताह के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है। दो सप्ताह में हजारों विवाह बीकानेर सहित राज्यभर में फरवरी के पहले दो-तीन सप्ताह में ही बड़ी संख्या में विवाह समारोह है। इसमें पांच फरवरी, सात फरवरी, दस फरवरी और इसके बाद 19 फरवरी को बड़ा सावा है। दस फरवरी को बीकानेर में पुष्करणा समाज का सामूहिक सावा है। जिसमें पूरे शहर में दो सौ से ज्यादा घरों में विवाह है। ऐसे में सभी को बारिश की चिंता सता रही है।
