स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोथान (एसकेआईटी), जयपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग में सोमवार को एलुमनाई इंटरेक्शन सेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की सम्मानित अतिथि संस्थान की पूर्व छात्रा एवं जीनस पावर इन्फ्रास्ट्रक्चर, जयपुर में फर्मवेयर डेवलपर मंशा मोदी रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. स्वाति अरोड़ा ने अतिथि का स्वागत किया। विभागाध्यक्ष प्रो. प्रवीण कुमार जैन ने मंशा मोदी को सम्मानित किया। वहीं एलुमनाई एसोसिएशन के प्रमुख प्रो. रोहित मुखर्जी ने कहा कि ऐसे सेशन छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि इनके जरिए वे उद्योग की वास्तविक जरूरतों को समझ पाते हैं। अपने संवाद के दौरान मंशा मोदी ने छात्रों को फर्मवेयर डेवलपमेंट, इंडस्ट्री ट्रेंड्स और प्लेसमेंट जर्नी पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कॉलेज से कॉर्पोरेट तक की अपनी यात्रा साझा करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास, सही दिशा में मेहनत और आत्मविश्वास करियर निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे। उन्होंने जानना चाहा कि इंडस्ट्री किन स्किल्स को प्राथमिकता देती है और कॉलेज के समय से प्लेसमेंट की तैयारी कैसे शुरू करें। इन सवालों पर मोदी ने विस्तार से उत्तर दिए और छात्रों को व्यावहारिक सुझाव दिए। कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्यों ने मंशा मोदी का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने इस इंटरेक्टिव सेशन को अपने करियर पाथ को समझने और आत्मविश्वास बढ़ाने में उपयोगी बताया।
